आजमगढ़ः बेटे की शादी से एक दिन पहले वृद्धा की हत्या, सिपाही बहू पर आरोप

आजमगढ़ः बेटे की शादी से एक दिन पहले वृद्धा की हत्या, सिपाही बहू पर आरोप


आजमगढ़ में अतरौलिया के भुड़कुड़ा गांव में रविवार की रात घर के बाहर सोई 65 वर्षीया सरजू देवी की गला दबाकर व चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वृद्धा के बेटे संतोष की सोमवार को ही दूसरी शादी थी। हत्या का आरोप संतोष की पहली पत्नी पर लगा है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।


भुड़कुड़ा गांव निवासी 65 वर्षीया सरजू देवी घर के सामने मड़ई में सोई हुई थी। रात में एक बाइक से आए कुछ लोगों ने महिला की गला दबाकर और चाकू से प्रहार कर हत्या कर दी। घटना की जानकारी परिजनों को सोमवार की सुबह हुई। बेटे संतोष की दूसरी शादी भी सोमवार को ही एक मंदिर में होनी थी। शादी से ठीक पहले मौत से घर में कोहराम मच गया। सरजू के बड़े बेटे शिवकुमार ने तहरीर में आरोप लगाया कि उसके भाई संतोष की पहली शादी क्षेत्र के अकबेलपुर गांव में हुई थी।


संतोष से शादी के बाद उसकी पत्नी की पुलिस में नौकरी लग गई। नौकरी मिलने के बाद उसने संतोष के साथ रहने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद भी संतोष की पहली पत्नी परिवार के लोगों को धमकी दे रही थी। शिवकुमार ने दावा किया कि सुनियोजित तरीके से रविवार की रात बाइक से कुछ लोग रात में घर आए।


बाइक सवार संतोष को आवाज लगा रहे थे। संतोष घर के अंदर सो रहा था। बाहर मड़ई में सो रही मां सरजू देवी ने उनसे बात की। इसी दौरान बाइक सवारों ने हत्या कर दी। शिवकुमार ने संतोष की पहली पत्नी व उसके पिता के विरूद्ध अतरौलिया थाना में हत्या की तहरीर दी है। सीओ बूढ़नपुर शीतला प्रसाद पांडेय ने कहा कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है। आरोपी बहू बलिया में तैनात है।